15 साल बाद जर्जर सड़क के दिन बहुरे, 74 लाख से बनेगी सीसी रोड

नगर पालिका चेयरमैन और सभासद ने निर्माण का किया निरीक्षण
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर। विकास नगर मोड़ से कैथापुर जाने वाले करीब 15 वर्षों से जर्जर पड़े मार्ग का पुनर्निर्माण आखिरकार शुरू हो गया है। लगभग 74 लाख रुपये की लागत से 650 मीटर लंबी सीसी सड़क बनाई जाएगी। सड़क बनने से नगर के पथरा भाग-एक और पथरा भाग-दो वार्डों के साथ हिनौली, छेमिया, मवई और सहजौर समेत आसपास के कई गांवों के हजारों लोगों का सफर आसान होगा।

निर्माण कार्य की शुरुआत के तहत फिलहाल सड़क पर बने गहरे गड्ढों को भस्सी डालकर समतल किया जा रहा है। इसके बाद सीसी सड़क का निर्माण तेज गति से कराया जाएगा। गुरुवार को नगर पालिका चेयरमैन सोनू किन्नर ने सभासद संतोष कुमार के साथ निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
यह सड़क वर्षों से बदहाली का दंश झेल रही थी जगह-जगह बने दो से ढाई फीट गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं। कई बार ई-रिक्शा और अन्य छोटे वाहन गड्ढों में फंसकर पलट चुके हैं। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
कैथापुर मार्ग नगर के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है प्रतिदिन इस सड़क से ट्रैक्टर, स्कूली बसें, ऑटो, ई-रिक्शा, निजी चारपहिया और बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन गुजरते हैं। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा था और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता था। इस मार्ग से आसपास के वार्ड के।अलावा ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी आवागमन करते है ।
नगर पालिका चेयरमैन सोनू किन्नर ने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग थी। अब निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाएगा, ताकि लोगों को लंबे समय तक बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा मिल सके।
मुख्य बातें
-15 साल बाद शुरू हुआ कैथापुर मार्ग का पुनर्निर्माण
-74 लाख रुपये की लागत से बनेगी 650 मीटर लंबी सीसी सड़क
-हजारों लोगों को मिलेगा बेहतर और सुरक्षित आवागमन
-बरसात में जलभराव और दुर्घटनाओं से मिलेगी राहत
-चेयरमैन सोनू किन्नर ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण



