आरपीएफ की मदद से अलीनगर पुलिस का डबल गुड वर्क, 5 तस्कर गिरफ्तार

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर : थाना अलीनगर पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहयोग और इनपुट के आधार पर लगातार दो बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब और गांजा तस्करी के खिलाफ उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। दोनों मामलों में आरपीएफ की सूचना और संयुक्त अभियान अलीनगर पुलिस के लिए मददगार साबित हुआ, जिसके चलते पुलिस ने कुल 46.72 लीटर अवैध शराब, 7.424 किलोग्राम गांजा बरामद किया तथा पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पहली कार्रवाई में थाना अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने लोको कॉलोनी स्थित लोको ग्राउंड के पास सघन चेकिंग के दौरान चार संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 46.72 लीटर अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न शराब ठेकों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में शराब खरीदकर बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाते हुए ट्रेनों के माध्यम से ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में आरपीएफ से प्राप्त इनपुट के आधार पर थाना अलीनगर पुलिस ने डीएफसीसीआईएल लाइन के पास एक युवक को 7.424 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सकलडीहा थाना क्षेत्र के खड़ेहरा गांव निवासी उत्सव सिंह के रूप में हुई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह बिहार से गांजा लाकर छोटे-छोटे पैकेट बनाकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करता था। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दोनों अभियानों में थाना अलीनगर पुलिस ने आरपीएफ अधिकारियों और जवानों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई को सफल बनाया। रेलवे क्षेत्र में अपराध एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस और आरपीएफ की यह संयुक्त कार्रवाई प्रभावी साबित हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के संयुक्त अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि रेलवे मार्ग के जरिए होने वाली अवैध तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।



