सोते ट्रक चालकों की जेब साफ करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, 8 मोबाइल बरामद

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर । मुगलसराय पुलिस ने चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन और करीब 10 ग्राम वजन की एक सफेद धातु की चेन बरामद की है। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने ट्रकों में सो रहे चालकों और नशे की हालत में पड़े लोगों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस की टीम वांछित अभियुक्तों की तलाश में पटनवा तिराहे पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना मुगलसराय के चोरी के मुकदमे में वांछित अभियुक्त अपने साथी के साथ हमीदपुर कोनिया नट बस्ती स्थित जलेबी मोड़ के पास मौजूद हैं और पुनः चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वारिस खान पुत्र शहनवाज खान उर्फ गुड्डू तथा अन्सार खान पुत्र अख्तर मिट्ठू खान, दोनों निवासी गोपालपुर, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान वारिस खान के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा अन्सार खान के कब्जे से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक सफेद धातु की चेन बरामद हुई।

पूछताछ में वारिस खान ने बताया कि वह 18 जनवरी 2026 को दरियापुर (पंडितपुरवा) निवासी महेंद्र चौधरी के घर हुई चोरी की घटना में अपने साथी विशाल गुप्ता के साथ शामिल था। उसने बताया कि चोरी के जेवर उसके साथी के पास थे, जिसे अगले दिन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जबकि वह फरार हो गया था।
वहीं दोनों आरोपितों ने बरामद मोबाइल फोन के संबंध में बताया कि उन्होंने टेंगरा मोड़ बाईपास के आसपास खड़े ट्रकों में सो रहे चालकों की जेब से अलग-अलग समय पर मोबाइल चोरी किए थे। इसके अलावा रामनगर चौक स्थित देशी शराब की दुकान के सामने नशे की हालत में पड़े एक व्यक्ति के गले से सफेद धातु की चेन चोरी करने की बात भी स्वीकार की। आरोपितों ने बताया कि नशे और ऐशो-आराम की जरूरतों को पूरा करने के लिए वे चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस ने वारिस खान को पूर्व से दर्ज चोरी के मुकदमे में गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। वहीं अन्सार खान के खिलाफ बरामद चोरी के सामान के आधार पर अलग से मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार वारिस खान के खिलाफ चंदौली और वाराणसी के विभिन्न थानों में चोरी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।



