उत्तर प्रदेशक्राइमचंदौली

चंदौली: 13 साल से फरार 50 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के मामले में था वांछित

मुगलसराय पुलिस ने सूचना पर की कार्रवाई, हिमाचल प्रदेश में छिपकर रह रहा था आरोपी

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर :  मुगलसराय पुलिस ने 13 वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी वर्ष 2013 में दर्ज छेड़खानी, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित था।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2013 में मुगलसराय थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़खानी और धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में थाना मुगलसराय पर मुकदमा संख्या 320/2013 धारा 354(क), 504, 506 भादवि एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत रंजन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया। लगातार गैरहाजिर रहने के कारण उसके खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया। बाद में 11 जुलाई 2022 को न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था।

इनाम बढ़ाकर किया गया था 50 हजार रुपये

पुलिस अधीक्षक चंदौली द्वारा पहले आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी न होने पर पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र ने इनाम राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी थी। इसके बावजूद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचता रहा।


मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया
20 जून 2026 को मुगलसराय पुलिस को सूचना मिली कि इनामी आरोपी गोबरिया प्लांट डिपो क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वीआईपी गेट के पास से रात 10:50 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।

हिमाचल प्रदेश में रहकर कर रहा था मजदूरी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद वह घर छोड़कर हिमाचल प्रदेश चला गया था। वहां वह मजदूरी और अन्य कार्य कर अपना जीवन यापन कर रहा था। काफी समय बीत जाने के बाद उसे लगा कि मामला शांत हो चुका होगा, इसलिए वह घर वापस आया था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार करने वाली टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी रेलवे कॉलोनी उपनिरीक्षक शिव पूजन बिन्द, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार तथा कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button