उत्तर प्रदेशचकियाचंदौलीधानापुरनौगढ़पीडीडीयू नगरप्रशासनिक

एलबीएस कटरे में फिर गिरा जर्जर छज्जा, दिन में होती घटना तो कईयों की जान पर बन आती

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) क्रय-विक्रय केंद्र में रविवार देर रात तेज बारिश के दौरान एक जर्जर भवन का दूसरे तल का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। छज्जे के साथ प्रथम तल की रेलिंग भी नीचे आ गिरी, जिससे ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कई दुकानों के शेड और साइन बोर्ड क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि घटना रात में हुई, जब बाजार बंद था। यदि यह हादसा दिन के समय होता, तो बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था।

ऊपर से छज्जा गिरने के बाद सड़क पर फैला मलवा

सोमवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही व्यापारियों की भीड़ मौके पर जुट गई। क्षतिग्रस्त भवन को देखकर व्यापारियों में दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि लंबे समय से भवन की जर्जर स्थिति को लेकर चिंता जताई जा रही थी, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई।

एलबीएस क्रय-विक्रय केंद्र नगर का प्रमुख व्यावसायिक परिसर है, जहां 300 से अधिक दुकानें संचालित हैं। यहां प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। बिजली के उपकरण, दवाइयां, कपड़े, स्पोर्ट्स सामग्री, किराना समेत विभिन्न प्रकार की दुकानों के अलावा परिसर में सब्जी मंडी भी लगती है।

हादसे के बाद नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटवाया और आवागमन बहाल कराया। व्यापारियों ने पूरे बाजार परिसर की जर्जर इमारतों का तत्काल तकनीकी सर्वे कराकर मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्से से मलबा हटवा दिया गया है। कुछ स्थानों पर मरम्मत कराई जाएगी ।

मुख्य बिंदु

  • तेज बारिश के दौरान दूसरे तल का छज्जा और प्रथम तल की रेलिंग गिरी।
  • नीचे की दुकानों के शेड और साइन बोर्ड क्षतिग्रस्त।
  • रात में बाजार बंद होने से टला बड़ा हादसा।
  • व्यापारियों ने जर्जर भवनों की तत्काल मरम्मत की मांग उठाई।
  • नगर पालिका ने मलबा हटाकर आवागमन कराया सामान्य।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button