जाम से निपटने के लिए सड़क पर उतरे एसपी, अतिक्रमण और अव्यवस्थित ऑटो पर सख्ती के निर्देश

रेलवे स्टेशन के पास एक लेन में खड़े होंगे ऑटो, दुकानों के बाहर सामान रखने वालों पर होगी कार्रवाई
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर । नगर के जीटी रोड पर जाम की समस्या को दूर करने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शनिवार को खुद सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह, यातायात प्रभारी सत्य प्रकाश यादव और पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर जाम के प्रमुख कारणों को देखा और अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने सड़क किनारे खड़े ठेले, अवैध अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े वाहनों को जाम का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्य मार्ग पर किसी भी स्थिति में यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए।
रेलवे स्टेशन के पास एक लेन में लगेंगे ऑटो
रेलवे स्टेशन के समीप ऑटो चालकों की मनमानी से लगने वाले जाम को देखते हुए एसपी ने ऑटो संचालन की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी ऑटो एक निर्धारित लेन में ही खड़े किए जाएं। सड़क पर कहीं भी सवारी बैठाने या उतारने से यातायात प्रभावित होता है, इसलिए इस पर रोक लगाई जाए।
एसपी ने मुगलसराय कोतवाली प्रभारी को सभी ऑटो चालकों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए। इसमें सभी चालकों के मोबाइल नंबर जोड़ने को कहा गया, ताकि यातायात व्यवस्था से जुड़ी सूचनाएं और निर्देश तत्काल सभी तक पहुंचाए जा सकें।
नगर पालिका और पुलिस चलाएंगे संयुक्त अभियान
पुलिस अधीक्षक ने दुकानों के बाहर सामान रखकर सड़क और फुटपाथ पर कब्जा करने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर नियमित अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार निगरानी जरूरी है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जाम की समस्या वाले स्थानों पर नियमित निरीक्षण कर व्यवस्था में सुधार किया जाए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नगर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



