गोवध निवारण अधिनियम का वांछित आरोपी गिरफ्तार, 20 दिन से था फरार

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर। मुगलसराय पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब 20 दिनों से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे उसके घर के पास गौसिया मस्जिद के निकट से दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से 11,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में पशु तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. सैफ (19) पुत्र मो. इकबाल निवासी सतपोखरी, थाना मुगलसराय के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना मुगलसराय में दर्ज मुकदमा संख्या 304/2026 में उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5/8 तथा 4/25 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, 20 जून 2026 को सतपोखरी गांव में छापेमारी के दौरान लगभग 70 किलो 760 ग्राम संदिग्ध गोवंशीय मांस, गोमांस काटने में प्रयुक्त एक चापड़, तीन चाकू, दो रेती सहित अन्य सामग्री बरामद की गई थी। उस समय पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मो. सैफ और एक अन्य आरोपी फरार हो गए थे।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मो. सैफ को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 11,500 रुपये नकद बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र पांडेय (चंधाशी चौकी प्रभारी), उपनिरीक्षक सतीश प्रकाश (शिवाला चौकी प्रभारी) तथा कांस्टेबल परवेज अहमद शामिल रहे।



